Search

BREAKING
लखनऊ में महिला आरक्षण मुद्दे पर उबाल—25 हजार महिलाओं का जन आक्रोश मार्च, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना स्मार्ट मीटर को लेकर एक्शन में UPPCL, चार सदस्यीय तकनीकी कमेटी बनी, IIT और रिसर्च एंड डेवलपमेंट के अधिकारी शामिल सकौती में जाटों का जमावड़ा: CM मान समेत कई दिग्गज पधारे, मंच से गरजे जाट नेता-पहचान व सम्मान से समझौता नहीं ‘पहले आस्था को अंधविश्वास कहकर अपमानित किया गया’, CM योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार UP पुलिस भर्ती परीक्षा में विवादित प्रश्न पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद सख्त, हो सकती है कार्रवाई CM योगी की मां पर विवादित टिप्पणी करने वाले मौलाना के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस ने दर्ज की FIR CM योगी आदित्यनाथ आज आएंगे गाजियाबाद, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा में CM योगी बोले- ‘UP भारत की आत्मा है’ होली पर गोरखनाथ मंदिर में CM योगी का जनता दर्शन, इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा CM योगी आद‍ित्‍यनाथ ने की भाजपा काशी क्षेत्र की समन्वय बैठक, तैयार‍ियों की परखी हकीकत

नीट परीक्षार्थियों के आए हजारों संदेश, केजरीवाल ने दिया हर हाल में डॉक्टर बनने का संकल्प लेने का मंत्र

May 20, 2026By The Daily Slate

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का नीट परीक्षा रद्द होने के बाद तनाव में जी रहे छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास सफल हो रहा है। दो दिन पहले की गई अरविंद केजरीवाल की अपील को न सिर्फ 50 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है बल्कि हजारों परीक्षार्थियों ने उनके साथ अपनी भावनाएं और नीट को पारदर्शी बनाने को लेकर सुझाव भी साझा किया है। छात्रों से आए जबरदस्त रिस्पॉन्स को मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने उन्हें सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि मैं आपके साथ खड़ा हूं। सभी छात्र ये संकल्प लें कि आपको हर हाल में डॉक्टर बनना है। आप अपना इरादा मजबूत रखें। आपका यह दृढ़ संकल्प ही आपको डॉक्टर बनने की राह को आसान करेगा। उन्होंने कहा कि 21 जून को दोबारा होने जा रही नीट परीक्षा को देने वाले छात्रों के लिए पंजाब में सरकार फ्री बस सेवा उपलब्ध कराएगी।

 

मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी कर अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षार्थियों से कहा कि अभी दो दिन पहले मैंने नीट के एग्जाम के बारे में एक वीडियो डाला था, जिसमें आप लोगों की भावनाएं और सुझाव आमंत्रित किए थे। 50 लाख से ज्यादा लोग अभी तक उसे देख चुके हैं। हजारों की संख्या में आपके कमेंट और मैसेज आए हैं। आप में से बहुत सारे लोगों ने अपनी अंदर की भावनाएं साझा की हैं। आपने मुझ पर इतना भरोसा किया, इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं। बहुत सारे लोगों ने धन्यवाद बोला है। सुजाता सूजी कहती हैं, “थैंक यू सर। आप ही स्टूडेंट्स की सच में फिक्र करते हो।” राहुल नायक कहते हैं, “हमें सच में इस समय इस सपोर्ट की जरूरत थी सर। थैंक यू केजरीवाल जी।” मैं पूछता हूं कि थैंक यू किस लिए? आप सब तो मेरे बच्चे हो। मेरे दो बच्चे हैं और वे दोनों आईआईटी दिल्ली से पढ़े हैं। अगर उनके एग्जाम कैंसिल हो जाते, तो मैं उनके लिए भी यही कर रहा होता और उनके लिए भी लड़ रहा होता। आप सब मेरे बच्चे हैं, इसलिए मैं आपके लिए भी उसी तरह से लड़ रहा हूं जैसे अपने बच्चों के लिए लड़ रहा होता।

 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ बच्चों ने अपनी बहुत गहरी भावनाएं साझा की हैं। जैसे अबू बशर लिखते हैं, “हेलो सर, यह मेरा तीसरा प्रयास है। मैंने 2024 में 1.5 लाख कोचिंग फीस देकर पेपर दिया। अच्छे अंक लाए, पर तब भी पेपर लीक हो गया। अब इस साल सिर्फ सेल्फ स्टडी करके दिया। एग्जाम अच्छा गया और परिवार के साथ सेलिब्रेट भी कर लिया, पर पेपर कैंसिल हो गया। सच में सर, बहुत डिप्रेस्ड हूं।” विकास यादव लिखते हैं, “यह मेरा पांचवां अटेम्प्ट था। मैंने इस एग्जाम के लिए बहुत मेहनत की थी। पिछले 2 महीने में कभी-कभी केवल 3 घंटे सोया था सर। 3 मई के लिए हम मानसिक रूप से तैयार थे, अब 21 जून के लिए मोटिवेशन कहां से लाऊं सर?” एक बच्चे ने लिखा है, “अब मुझ में हिम्मत नहीं बची।” यह क्या है बच्चे? हिम्मत नहीं बची का क्या मतलब है?

 

अरविंद केजरीवाल ने आगे छात्रों को एक मंत्र दिया अपना इरादा मजबूत कर लो कि मुझे डॉक्टर बनना ही बनना है, किसी भी हालत में बनना है। चाहे कितनी भी कठिनाइयां आएं, चाहे कितना भी संघर्ष करना पड़े। एक बार जब आप दृढ़ निश्चय कर लेते हो, तो इस ब्रह्मांड की सारी शक्तियां आपकी मदद करती हैं और भगवान भी आपकी मदद करता है। आप सब डॉक्टर बनोगे। किसी भी हालत में हिम्मत नहीं हारनी है। 21 जून की अच्छे से तैयारी करो।

 

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कुछ लोगों ने मुझे लिखा है कि सर पेपर लीक होना बंद हो सकता है क्या? बिल्कुल हो सकता है। आम आदमी पार्टी की 10 साल दिल्ली में सरकार थी, एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। 4 साल से पंजाब में सरकार है, एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। ऐसा इसलिए क्योंकि हम लोग ईमानदार हैं। अगर सिस्टम के टॉप पर बैठे हुए लोग ईमानदार हों, तो पेपर लीक नहीं होंगे। और अगर सिस्टम के टॉप पर बैठे लोग बेईमान और भ्रष्ट हों, तो रोज पेपर लीक होंगे।

 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ बच्चों ने लिखा है, “सर हमारे पास इतने भी पैसे नहीं हैं कि हम बस का किराया वहन कर सकें।” तो मैं बुधवार को पंजाब जा रहा हूं और मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करूंगा। कम से कम पंजाब में जिस दिन आपका पेपर होगा, हम बसों में आपका आने-जाने का खर्चा फ्री कर देंगे। हिम्मत मत हारिए। हम आपके साथ हैं और भगवान आपके साथ है। आप सब डॉक्टर जरूर बनेंगे।

 

“आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि प्यारे नीट के छात्रों, आपके अनगिनत संदेशों और आपकी भावनाओं की गहराई ने मुझे बहुत भावुक कर दिया है। आपने मुझ पर जो अटूट भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। इस समय पूरी मजबूती के साथ डटे रहें। आज ही यह दृढ़ संकल्प लें कि हम डॉक्टर बनकर ही रहेंगे। ईश्वर आप सभी का कल्याण करे।